LSN News › India

Business · India Bureau

ब्रिटानिया पर गुमराहकारी विज्ञापन के लिए 1 लाख रुपये का जुर्माना

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज पर '100% संपूर्ण गेहूँ ब्रेड' के दावे को लेकर कार्रवाई की है, जबकि उत्पाद में वास्तविक गेहूँ की मात्रा महज 62 प्रतिशत है।

LSN India · 26 October 2026

ब्रिटानिया पर गुमराहकारी विज्ञापन के लिए 1 लाख रुपये का जुर्माना

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड को गुमराहकारी विज्ञापन के लिए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण की अध्यक्ष निधि खरे के नेतृत्व में जारी 22 अक्टूबर के आदेश में कंपनी के विज्ञापन में "100% संपूर्ण गेहूँ ब्रेड" का दावा किए जाने पर आपत्ति दर्ज की गई, जबकि उत्पाद की पैकेजिंग पर गेहूँ की मात्रा 62 प्रतिशत दर्ज है।

सीसीपीए ने कंपनी को तत्काल प्रभाव से सभी प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया सहित इस विज्ञापन को बंद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट जमा करने के लिए भी कहा गया है।

प्राधिकरण ने पैकेजिंग पर दर्ज गेहूँ की मात्रा और विज्ञापन में किए गए "100%" के दावे में विसंगति को देखते हुए इस मामले में स्वयं संज्ञान लिया था। आदेश में कहा गया कि उत्पाद में मात्र 62 प्रतिशत संपूर्ण गेहूँ है, जबकि शेष 38 प्रतिशत चावल की भूसी और अन्य घटकों से बना है।

प्राधिकरण ने माना कि "100%" से शुरू किया गया यह दावा उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला है। सीसीपीए का यह कदम उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत कंपनियों द्वारा किए जाने वाले गलत विज्ञापन के खिलाफ बढ़ती कार्रवाई का हिस्सा है।