LSN News › India

Politics · India Bureau

पीएलआई योजना के तहत सरकार ने 30 जून तक 36,754 करोड़ रुपये वितरित किए

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि सरकार ने प्रोडक्शन लिंक्ड इनसेंटिव (पीएलआई) योजना के तहत लाभार्थी कंपनियों को 30 जून तक 36,754 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की है।

LSN India · 25 September 2026

पीएलआई योजना के तहत सरकार ने 30 जून तक 36,754 करोड़ रुपये वितरित किए

भारत सरकार ने 2020 में 14 प्रमुख क्षेत्रों के लिए पीएलआई योजना का शुभारंभ किया था। इस योजना के तहत कुल 1.91 लाख करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य भारत की विनिर्माण क्षमता को बढ़ाना, निवेश आकर्षित करना, निर्यात को प्रोत्साहित करना, रोजगार सृजन करना और आयात पर निर्भरता को कम करना है।

डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड (डीपीआईआईटी) के अनुसार, 30 जून 2026 तक पीएलआई योजनाओं के तहत 2.58 लाख करोड़ रुपये का वास्तविक निवेश दर्ज किया गया है। इसके विरुद्ध 23.79 लाख करोड़ रुपये का उत्पादन और बिक्री तथा 15.53 लाख करोड़ रुपये का निर्यात अब तक हुआ है।

पीएलआई योजमाओं ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 14.57 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित किए हैं। इसके अलावा, सरकार ने लाभार्थी कंपनियों को अब तक कुल 36,754 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन का वितरण किया है।

वाणिज्य मंत्रालय की ओर से बताया गया कि दवा और फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र इस योजना के तहत सबसे अधिक सफल रहा है। इस क्षेत्र में अब तक 3.64 लाख करोड़ रुपये का संचयी बिक्री दर्ज की गई है। पीएलआई योजना भारतीय उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।