Politics · India Bureau
भारत और सिंगापुर ने प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के समझौते किए
भारत और सिंगापुर ने दूरसंचार, प्रसारण, समुद्री विरासत और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए। चौथे भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय वार्ता के दौरान यह समझौता किया गया।
LSN India ·

भारत और सिंगापुर ने गुरुवार को द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों देशों ने दूरसंचार, प्रसारण, समुद्री विरासत और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में दो समझौता ज्ञापन और एक अभिप्राय पत्र का आदान-प्रदान किया।
चौथे भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय वार्ता के दौरान ये समझौते वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की उपस्थिति में किए गए। इस मौके पर विदेश मंत्री एस जयशंकर, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय में राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी मौजूद रहे।
सिंगापुर की ओर से प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप प्रधानमंत्री और व्यापार और उद्योग मंत्री गान किम योंग ने किया। उनके साथ वरिष्ठ मंत्री के. शंमुगम भी शामिल थे।
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ये समझौते पारस्परिक हित के विविध क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करेंगे। इन समझौतों से भारत और सिंगापुर के बीच सामरिक साझेदारी को नया आयाम मिलेगा।