World · India Bureau
भारत अमेरिका से जेवलिन मिसाइल प्रणाली की खरीद करेगा
भारतीय सेना की युद्ध क्षमता बढ़ाने के लिए भारत ने अमेरिका के साथ जेवलिन एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सिस्टम की खरीद का समझौता किया है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इसे दोनों देशों के रक्षा सहयोग की गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है।
LSN India ·

भारतीय सेना ने अमेरिकी विदेशी सैन्य विक्रय प्रक्रिया के तहत जेवलिन एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सिस्टम की खरीद के लिए लेटर ऑफ ऑफर एंड एक्सेप्टेंस पर हस्ताक्षर किए हैं। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि यह समझौता भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते, अधिक सक्षम और प्रभावशाली द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी को प्रदर्शित करता है।
अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह समझौता अमेरिकी और भारतीय सशस्त्र बलों के बीच दीर्घस्थायी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच भविष्य के सहयोग के नए द्वार खुलेंगे।
हालांकि, भारत कितनी संख्या में जेवलिन मिसाइल सिस्टम की खरीद करेगा और इसकी कुल लागत कितनी होगी, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। अमेरिका की ओर से कहा गया है कि यह समझौता भारतीय सेना के प्रति अमेरिकी समर्थन की गहराई को दर्शाता है और दोनों देशों के रक्षा क्षेत्रों में साझेदारी की नई संभावनाएं पैदा करता है।